कानपुर देहात। कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने मंगलवार को अकबरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बाजारों और प्रमुख स्थानों पर मौजूद दुकानदारों, व्यापारियों तथा राहगीरों से संवाद स्थापित कर उन्हें निर्भीक होकर आवागमन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और आमजन में विश्वास कायम रखने के लिए इस प्रकार की पैदल गश्त आगे भी लगातार जारी रहेगी।










