कानपुर देहात में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जनपदभर में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट न पहनने तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 267 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 2 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सुरक्षित वाहन चलाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करें। जनपद पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










