ढाबा उद्घाटन से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, नगदी लूटने का आरोप

पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में दबंगों द्वारा युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने मारपीट के साथ नगदी लूटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अहरौली शेख निवासी अबू सैमा पुत्र स्वर्गीय शकील अहमद ने बताया कि वह दिनांक 12 मई 2026 की रात्रि लगभग 11:20 बजे अपने दोस्तों के साथ एक ढाबे के उद्घाटन कार्यक्रम से वापस लौट रहा था। जैसे ही वह एसआर भारत गैस कार्यालय के सामने अपनी कार से उतरा, तभी पीछे से दबंग किस्म के अर्श पुत्र सुएब, हसन पुत्र याहया, रियाज पुत्र अज्ञात तथा आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे माज़ पुत्र हजरत ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे उसके हाथ, पैर और कान में गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं, आरोप है कि हमलावरों ने उसकी जेब में रखे 3280 रुपये भी छीन लिए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
अबू सैमा ने बताया कि जब उसने घटना की शिकायत पुलिस से करने की बात कही, तो आरोपियों ने उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी। वहीं पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उसने मामले की जानकारी अर्श के पिता सुएब तथा माज के चाचा शबाब को दी, तब उन्होंने भी उसे “देख लेने” की धमकी दी।
पीड़ित ने भोगनीपुर कोतवाली में लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें