नीट परीक्षा में हुए पेपर लीक के मामले को विभिन्न समाचार पत्रों ने प्रमुखता से किया था प्रकाशित
कानपुर देहात। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने 3 मई को हुई नीट 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। यह फैसला पेपर लीक होने के आरोप के चलते लिया गया है। परीक्षा की नई तारीख जल्द जारी की जाएंगी। एनटीए ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है। जांच एजेंसियों से मिले निष्कर्षों के आधार पर यह तय किया गया कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। मामले की विस्तृत जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो करेगा। स्टूडेंट्स को दोबारा परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। पिछले एग्जाम सेंटर्स में भी कोई बदलाव नहीं होगा। रीएग्जाम के लिए नए एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे। इसके अलावा परीक्षा में शामिल छात्रों की फीस भी वापस की जाएगी। इस खबर को जनपद के विभिन्न समाचार पत्रों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था जिसके बाद मामला और अधिक हाईलाइट हो गया था। एनटीए ने साफ किया है कि यह फैसला छात्रों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है। परीक्षा रद्द होने से छात्रों और उनके परिवारों को होने वाली परेशानियों को एजेंसी ने स्वीकार किया है लेकिन कहा कि लंबे समय तक भरोसा कायम रखना इससे ज्यादा जरूरी है। एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें। इस फैसले के साथ ही नीट यूजी 2026 विवाद ने बड़ा मोड़ ले लिया है। अब सभी की निगाहें नई परीक्षा तारीखों और सीबीआई जांच के निष्कर्षों पर टिकी हैं जो इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएंगे।











