जिलाधिकारी ने की बाढ़ एवं जलप्लावन प्रबंधन योजना के अनुश्रवण एवं प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में स्टियरिंग कमेटी की बैठक, दिये निर्देश

कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ एवं जलप्लावन प्रबंधन योजना के अनुश्रवण एवं प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में स्टियरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के संवेदनशील एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बाढ़ की संभावित स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक संसाधन पूर्व से ही उपलब्ध एवं सक्रिय स्थिति में रखे जाएं। उन्होंने शेल्टर होम की समुचित व्यवस्था, नावों की पर्याप्त उपलब्धता, खाद्यान्न एवं स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति, आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, संचार व्यवस्था को मजबूत रखते हुए आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित नावों पर सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। बाढ़ चैकियों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों का समुचित ओरिएंटेशन कराया जाए, ताकि आपदा की स्थिति में वे कुशलतापूर्वक कार्य कर सकें। इसके अतिरिक्त, बाढ़ से पूर्व एक व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित कर तैयारियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि गत वर्ष आई बाढ़ के प्रबंधन में रही कमियों का गहन अध्ययन कर उस पर आधारित एक सुदृढ़ एवं व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे इस वर्ष बेहतर एवं प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने, उनका समय से टीकाकरण सुनिश्चित कराने तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, गौशालाओं एवं पशुधन की सुरक्षा के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, ताकि आपदा के दौरान किसी प्रकार की क्षति न हो।
विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी द्वारा विद्युत विभाग को आवश्यक पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण की पूर्व कार्ययोजना तैयार कर समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने तथा स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल के दौरान जलस्तर की निरंतर निगरानी, त्वरित रिस्पॉन्स और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें