कानपुर देहात पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने मंगलवार को थाना अकबरपुर एवं थाना रनियां का भ्रमण कर नवागंतुक रिक्रूट आरक्षियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने पुलिस सेवा की कार्यशैली, अनुशासन और जनता के प्रति व्यवहार को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने आरक्षियों को पुलिस कार्यप्रणाली, कानूनी प्रक्रियाओं, एफआईआर लेखन, साक्ष्य संकलन, गश्त व्यवस्था एवं अपराधों के प्रभावी निस्तारण के बारे में विस्तार से जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शंका होने पर वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल मार्गदर्शन लें।
जनता के प्रति व्यवहार पर जोर देते हुए उन्होंने ‘जन-केंद्रित पुलिसिंग’ अपनाने की बात कही। उन्होंने निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को धैर्यपूर्वक सुनें और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार रखें, जिससे आमजन बिना भय अपनी बात रख सकें।
सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर भी एसपी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्दी में रील बनाना या अमर्यादित वीडियो पोस्ट करना अनुशासनहीनता मानी जाएगी। साथ ही, आधिकारिक सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने को कहा।
इसके अलावा उन्होंने आरक्षियों को भारतीय न्याय संहिता सहित अन्य कानूनों, मानवाधिकारों तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी रखने पर जोर दिया। अंत में एसपी ने सभी आरक्षियों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख देते हुए शुभकामनाएं दीं।











