कानपुर देहात में रिक्रूट आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड, डीआईजी ने ली सलामी

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव संबोधन, पुलिस बल को आधुनिक व संवेदनशील बनने का संदेश

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट सम्मानित, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का दिया गया पाठ

शपथ ग्रहण के साथ दीक्षांत समारोह सम्पन्न, देश सेवा के लिए तैयार हुए नए आरक्षी

कानपुर देहात के रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में रविवार को ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके रिक्रूट आरक्षियों ने आकर्षक और अनुशासित परेड का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक, यूपी-112 लखनऊ,  शहाब रशीद खाँ (आईपीएस) रहे, जिन्होंने परेड की सलामी ली और टोलियों का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे परेड कमांडर द्वारा टोलियों को परेड ग्राउंड में लाने के साथ हुई। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पांडेय (आईपीएस) के आगमन पर उनका विधिवत स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के पहुंचने के बाद परेड का निरीक्षण एवं सलामी कार्यक्रम संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सजीव प्रसारित किया गया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को आधुनिक तकनीक से लैस, संवेदनशील और अपराध के प्रति कठोर रुख अपनाने का आह्वान किया।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद (पीपीएस) ने प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि शहाब रशीद खाँ ने अपने संबोधन में कहा कि नए आरक्षी राष्ट्र की सुरक्षा की रीढ़ हैं और उन्हें निस्वार्थ भाव से कर्तव्य निभाना चाहिए।
समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को संविधान के प्रति निष्ठा, देश सेवा और जनसुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद परेड टोलियों ने गर्वपूर्ण प्रस्थान किया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में क्षेत्राधिकारी लाइन्स प्रिया सिंह (पीपीएस) की विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षियों के परिजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें