जालौन – जनपद में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रत्येक विकास खंड के 10-10 गांवों में विशेष चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के तहत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से संतृप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे एक माह के भीतर पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शासन की मंशा के अनुरूप “हर पात्र तक लाभ” सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौपालों में सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता रहे, जिससे मौके पर ही पात्रता का सत्यापन कर योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि गांव स्तर पर आयोजित इन चौपालों में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, राशन कार्ड, पेंशन योजनाएं, किसान सम्मान निधि, श्रम विभाग की योजनाएं समेत सभी प्रमुख योजनाओं को शामिल किया गया है। किसी भी पात्र व्यक्ति को वंचित न रहने देने के लिए विशेष अभियान मोड में कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक चौपाल की पूर्व सूचना ग्राम स्तर पर व्यापक रूप से प्रसारित की जाए, ताकि अधिकतम लोग इसमें भाग ले सकें। साथ ही, चौपालों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए। जनपद के सभी विकास खंडों में चिन्हित गांवों में चौपाल आयोजित करने की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं, जिनके माध्यम से चरणबद्ध तरीके से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उपलब्ध सूची के अनुसार प्रत्येक ब्लॉक के 10-10 गांवों में निर्धारित तिथियों पर अपराह्न 3 बजे से चौपाल आयोजित की जा रही हैं, जिससे अभियान को समयबद्ध और प्रभावी बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल जनपद में सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे आमजन को सीधे लाभ मिल सकेगा।










