कानपुर देहात – रनियां विद्युत उपकेंद्र में गुरुवार को स्मार्ट मीटर के खिलाफ उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों उपभोक्ताओं ने प्रीपेड मीटर की खामियों और भारी-भरकम बिलों के विरोध में हंगामा किया। भीड़ ने रनिया एक्सियन वा एसडीओ समेत कई अधिकारियों से बात कर समाधान की मांग की। यहां पहुंचे उपभोक्ताओं का कहना है कि जिन भी घरों में बिजली के पुराने मीटर लगे थे, उसमें जो बिल बनता था उसे अगले महीने जमा करना होता था। पैसों की तंगी के चलते तमाम उपभोक्ता एक – दो महीने बाद भी जमा कर सकते थे, लेकिन सरकार के आदेश पर जब से बिजली विभाग घर घर स्मार्ट मीटर लोगों के घरों के बाहर लगा रहा है उसमें काफी दिक्कतें आ रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से कभी भी उनकी बिजली सप्लाई काट दी जाती है, अधिक रुपये जमा होने के बाद भी बिजली सप्लाई शुरू नहीं की जाती है।
गुस्साए ग्रामीणों ने न सिर्फ बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी प्रदर्शन किया, बल्कि अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटरों को उखाड़कर हाथों में ले लिया और सड़क पर धरने पर बैठ गए.
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना ज्यादा आ रहे हैं, जिससे आम आदमी की कमर टूट गई है.













