कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद क्षेत्र अंतर्गत कहिंजरी पुलिस चौकी पर तैनात रहे आरक्षी स्वर्गीय केशव यादव को आज पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय आरक्षी केशव यादव, पुत्र मुन्नालाल यादव, निवासी बजरिया बरहान खांडा जनपद आगरा, दिनांक 13 अप्रैल 2026 को सरकारी कार्य (समन तामील) से लौट रहे थे। इसी दौरान थाना रसूलाबाद क्षेत्र के ग्राम पहाड़ीपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
इस दुखद घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस लाइन, कानपुर देहात में उनके पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान शहीद आरक्षी को सलामी दी गई और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि सभा में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, साथी जवान और पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव के लिए रवाना किया गया।
आरक्षी केशव यादव वर्ष 2018 बैच के सिपाही थे और अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से पुलिस विभाग और क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
पुलिस परिवार ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।












