कानपुर देहात अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अकबरपुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार थाना अकबरपुर पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से बाराजोड़ की ओर से बारा की तरफ आ रहा है, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध हैं और उसकी कमर में अवैध शस्त्र छिपा हो सकता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बलिहारा मोड़ से कुछ दूरी पहले ही युवक को रोककर तलाशी ली। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रांशू यादव पुत्र हरपाल सिंह निवासी हरसुन बांगर थाना सिकन्दरा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर बरामद हुआ।
अवैध शस्त्र के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब न देने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाना अकबरपुर में मुकदमा संख्या 144/26 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार अभियुक्त का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।












