उरई । कार्यालय परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के पत्र दिनाँक 22 मार्च 2026 द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुक्रम में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए, शासन के निर्देशानुसार दिनांक 01 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक स्कूली वाहनों के फिटनेस की जाँच हेतु एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल जालौन द्वारा 04 स्कूली वाहनों के विरुद्ध परमिट शर्तों का उल्लंघन करने व अन्य अभियोगों में चालान/निरुद्ध की कार्यवाही करते हुए थाना कुठौन्द में निरुद्ध किया गया है। उपरोक्त वाहनें छात्र-छात्राओं को लाने-ले जाने का कार्य कर रहे थे।
साथ ही अभियान के क्रम में जनपद के समस्त विद्यालय के संचालकों/प्रधानाचार्यों से अपील की जाती है कि वह अपने विद्यालय तथा विद्यालयी वाहनों का डेटा उक्त वेबसाइट- https://upisvmp.com/ पर ऑनबोर्ड करलें व विद्यालयी वाहनों तथा विद्यालयी वाहनों के प्रपत्रों की भलि-भाँति जाँच करलें जिससे वाहनों का डेटा फीड करते समय व वाहन का निरीक्षण करते समय किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अभियान के मुख्य बिंदु- फिटनेस प्रमाणपत्र, बिना वैध फिटनेस और परमिट के चल रहे स्कूली वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। सुरक्षा मानक- वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, फस्र्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्रों की क्रियाशीलता जांची जाएगी। दस्तावेजों की जाँच- चालक का लाइसेंस, वाहन का बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से अपडेट होना चाहिए।ओवरलोडिंग पर रोक- क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहनों का चालान कर उन्हें सीज करने की कार्यवाही की जाएगी।
परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी। उक्त अभियान दिनाँक 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक निरन्तर जारी रहेगा।












