डीएम बोले—सशक्त महिला ही सशक्त समाज की आधारशिला, हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे
जालौन नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति 5.0 (चरण-2) के अंतर्गत विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को हर स्तर पर सक्षम बनाना है। उन्होंने मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार सृजन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने उपस्थित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की अग्रदूत बनने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनपद में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता, महिला हेल्पलाइन सेवाओं की सुदृढ़ व्यवस्था तथा त्वरित शिकायत निस्तारण शामिल है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में वे निडर होकर हेल्पलाइन नंबरों—1090, 112, 181 आदि का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस हर समय महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, सीओ राजीव शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी शरद अवस्थी आदि अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, समाजसेविकाएं एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।












