कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में जिला पूर्ति अधिकारी, कानपुर देहात अभिषेक कुरील द्वारा माँ वैष्णो इंडेन गैस एजेंसी, रूरा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसी पर घरेलू गैस उपभोक्ताओं की निम्नलिखित स्थिति पाई गई—
निरीक्षण समय गैस एजेंसी पर अधिक संख्या में गैस उपभोक्ता उपस्थित मिले।
गैस एजेंसी प्रोप्राइटर द्वारा बताया गया कि यह एजेंसी लगभग 2300 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी करती है। अप्रैल माह 2026 में दिनांक 01 से 07 अप्रैल तक 75 से 80 तारीख के मध्य बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही थी। मौके पर उपस्थित उपभोक्ताओं से पूछताछ करने पर यह स्थिति संज्ञान में आई कि अधिकांश उपभोक्ता अपने ई-केवाईसी पूर्ण न होने के कारण गैस एजेंसी पर उपस्थित थे तथा काफी संख्या में उपभोक्ताओं को गैस डिलीवरी एजेंसी द्वारा बुकिंग के उपरांत भी गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था।
गैस एजेंसी द्वारा गैस उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए गए गैस सिलेंडर की पुष्टि के संबंध में अधिकारी द्वारा स्वयं पोर्टल पर प्रदर्शित डिलीवरी रिपोर्ट के आधार पर उपभोक्ताओं से उनके दूरभाष नंबर पर संपर्क कर गैस सिलेंडर प्राप्त होने की पुष्टि की गई।
रूरा गैस एजेंसी प्रोप्राइटर/संचालक को निर्देशित किया गया कि ई-केवाईसी पूर्ण न होने एवं एड्रेस कोड से संबंधित समस्या के कारण उपभोक्ताओं को अलग-अलग लाइन लगाकर अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा जिन उपभोक्ताओं की गैस सिलेंडर आपूर्ति की जा रही है, उसकी सूचना स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। उन्होंने समस्त गैस उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि अपनी पिछली गैस सिलेंडर डिलीवरी के 45 दिन व्यतीत होने के पश्चात ही अगली गैस बुकिंग करें, क्योंकि 45 दिन का समय पूर्ण न होने पर गैस बुकिंग करने पर एड्रेस कोड प्राप्त नहीं होगा।












