
कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में आज माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं आवास गणना” के सफल संचालन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक/ प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें स्तरीय जनगणना हेतु नामित अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित समस्त उपजिलाधिकारियों, समस्त अधिशासी अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य को राष्ट्रीय महत्व का बताते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण जनपद में 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि 7 मई से 21 मई 2026 तक स्व-गणना की सुविधा आमजन के लिए उपलब्ध रहेगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना देश की नीतियों, योजनाओं एवं विकास कार्यों की आधारशिला है तथा सटीक आंकड़े ही प्रभावी योजना निर्माण में सहायक होते हैं, इसलिए सभी अधिकारी इस कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ संपन्न कराएं। आज की बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश से आईं जिला प्रतिनिधि वर्तिका गुप्ता द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनगणना 2027 की संपूर्ण प्रक्रिया, समय-सारिणी, डिजिटल साधनों, मकान सूचीकरण ब्लॉक निर्माण, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा स्व-गणना की विस्तृत जानकारी स्तरीय अधिकारियों के मध्य साझा की गई। जिलाधिकारी ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को संबंधित उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में संपन्न कराया जाए तथा प्रत्येक कार्मिक की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, साथ ही प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की अवधारणाओं, परिभाषाओं एवं तकनीकी साधनों के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में जनगणना कार्य में तकनीकी साधनों के उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों को अवगत कराया गया कि इस बार जनगणना कार्य विभिन्न ऑनलाइन प्रणालियों एवं मोबाइल अनुप्रयोगों के माध्यम से संचालित किया जाएगा, जिससे कार्य की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मकान सूचीकरण ब्लॉक का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर लिया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक ब्लॉक भौगोलिक रूप से स्पष्ट एवं व्यवस्थित हो, जिससे किसी भी क्षेत्र का कवरेज छूटने न पाए। उन्होंने स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए तथा कहा कि शहरी क्षेत्रों में विशेष रूप से नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जनगणना से संबंधित सभी गतिविधियों का प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया, व्हाट्सएप समूह एवं अन्य माध्यमों से प्रभावी ढंग से किया जाए, जिससे अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके तथा कानपुर देहात स्तर पर नियंत्रण कक्ष एवं सहायता हेल्पलाइन की व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को पूर्ण पारदर्शिता, सटीकता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराना सुनिश्चित करें, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व सफलतापूर्वक पूरा हो सके।












