कुठौंद जालौन। जालौन में थाना कुठौन्द पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध एक 12बोर तमंचा और दो कारतूस जिन्दा बरामद किए हैं। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान फैजान पुत्र रमजान निवासी खटीकन मोहल्ला, कस्बा जालौन के रूप में हुई है। आरोपी को 04 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 6:10 बजे निजामपुर अंडरपास, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UP 92AE 6682) बरामद की, जो पहले से दर्ज मुकदमा संख्या 34/2026 से संबंधित है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
बरामद अवैध असलाह के संबंध में थाना कुठौन्द में मुकदमा संख्या 35/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।
इस पूरी कार्यवाही को थाना कुठौन्द पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।










