कानपुर देहात की तहसील भोगनीपुर में इन दिनों चोरों ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। हैरानी की बात यह है कि यह कोई एक-दो वारदात नहीं, बल्कि सिलसिलेवार तरीके से की जा रही सुनियोजित चोरी है—जिसने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना 2 तारीख की देर रात मावर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर सामने आई, जहां चोरों ने चौकीदार के खाना खाने जाने का इंतजार किया और ठीक उसी दौरान ग्राउंड की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। चोरों ने वहां खड़े चार डंपरों को निशाना बनाया और उनकी लाखों रुपये की बैटरियां निकालकर फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि किसी को भनक तक नहीं लगी।
सुबह जब डंपर मालिक मौके पर पहुंचे, तो गाड़ियों की हालत देखकर सन्न रह गए। बैटरियां गायब थीं और चोर पुलिस को खुली चुनौती देकर जा चुके थे। पीड़ितों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और कार्रवाई की मांग की, लेकिन 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस खाली हाथ नजर आई।
इसी बीच, चोरों ने पुलिस को फिर से सीधी चुनौती देते हुए 3 तारीख की रात दूसरी वारदात को अंजाम दे डाला। इस बार निशाना बना भोगनीपुर थाना क्षेत्र में मावर नदी के आगे स्थित बाबा ब्रिक फील्ड। यहां भी ठीक उसी अंदाज में खड़े चार डंपरों से लाखों रुपये की बैटरियां पार कर दी गईं।
लगातार दो रातों में एक जैसी वारदातों ने यह साफ कर दिया है कि यह किसी शातिर ‘बैटरी गैंग’ का काम है, जो पूरी प्लानिंग के साथ इलाके में सक्रिय है। एक के बाद एक घटनाओं से साफ है कि चोरों को न पुलिस का डर है, न कानून का खौफ।
स्थानीय लोगों और वाहन मालिकों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही इस गैंग का खुलासा नहीं हुआ, तो चोरी की ये घटनाएं और बढ़ सकती हैं।














