
कानपुर देहात अकबरपुर तहसील में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं।
इस दौरान अपनी शिकायत लेकर पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
विशेष रूप से भूमि संबंधी मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और मामलों का जल्द, पारदर्शी व न्यायपूर्ण समाधान हो सके।
इसके साथ ही अन्य तहसीलों में भी क्षेत्राधिकारीगण द्वारा समाधान दिवस आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनी गईं और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।













