कानपुर देहात के थाना रूरा पुलिस ने नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने थाना रूरा में तहरीर देकर बताया कि उसकी दो नाबालिग बेटियां 5 मार्च को कपड़ा खरीदने के बहाने घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। बाद में फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वे सोनीपत जा रही हैं और अगले दिन विवाह करने की बात कही।
परिजनों ने आरोप लगाया कि कन्नौज निवासी विशाल और कृष्णा उनकी बेटियों को जबरन अपने साथ ले गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों पीड़िताओं को बरामद कर उनके बयान न्यायालय में दर्ज कराए। साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपियों—विशाल (21 वर्ष) और कृष्णा (19 वर्ष), निवासी ग्राम माधवपुर, थाना ठठिया, कन्नौज को थाना रूरा गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।













