फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र में कक्षा 9 की एक छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद कर लिया है। दूसरे फरार आरोपी को मुठभेड़ में घायल होने पर गिरफ्तार किया है |
दरअसल करीब 15 वर्षीय छात्रा को बीते 28 मार्च की रात प्रेमी के बहकावे में आ गई। आरोप है कि उसने प्रेमी द्वारा दी गई नशीली गोली दूध में मिलाकर परिजनों को पिला दी और घर से जेवर व जरूरी कागजात लेकर फरार हो गई।
इस मामले में 30 मार्च को छात्रा के पिता ने ग्राम सिरौली निवासी अंशुल पाल, रोहित पाल व विवेक कुमार पाल के खिलाफ बेटी को भगाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान मुख्य आरोपी अंशुल पाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने किशोरी का शव बरामद कर लिया।
इसी बीच घटना में फरार चल रहे आरोपी विवेक पाल की शुक्रवार को थाना पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान विवेक पाल के पैर मेंपुलिस की गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि हत्यारोपी विवेक पाल पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है और मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।













