पुखरायां कानपुर देहात। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र में संचालित गैस एजेंसियों की लापरवाही लगातार सामने आ रही है। भीषण गर्मी के इस दौर में उपभोक्ताओं के लिए न तो टेंट की व्यवस्था की गई है और न ही पीने के पानी की कोई सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की अधिकांश गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। उपभोक्ता कड़ी धूप में घंटों खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन एजेंसी संचालकों द्वारा छाया या पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का इंतजाम नहीं किया गया है। इससे कई लोग गर्मी के कारण बीमार पड़ रहे हैं, वहीं कुछ उपभोक्ता मजबूरी में लाइन छोड़कर वापस लौट जाते हैं।
स्थिति और भी गंभीर तब हो जाती है जब घंटों इंतजार के बाद उपभोक्ताओं का नंबर आता है, लेकिन तब तक गैस सिलेंडर खत्म हो चुके होते हैं। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
गौरतलब है कि जिला अधिकारी द्वारा गैस एजेंसियों के बाहर टेंट लगाकर छाया और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, इसके बावजूद इन आदेशों का पालन नहीं हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सभी गैस एजेंसियों को तत्काल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।











