फतेहगढ़ के जहांनगंज स्थित इंडियन गैस एजेंसी पर इन दिनों भारी अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। सुबह 8 बजे से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो जाती हैं, जो दोपहर 2 बजे तक जारी रहती हैं।
मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति देखने को मिलती है। बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद कई गरीब और जरूरतमंद उपभोक्ता सिलेंडर लेने से वंचित रह जाते हैं। वहीं, आरोप है कि रसूखदार लोग आसानी से सिलेंडर लेकर चले जाते हैं।
जब हमारी टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से बात की, तो कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे दो-दो दिन से लाइन में लग रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
सरकार और अधिकारी भले ही गैस की कोई कमी न होने का दावा कर रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। एजेंसी पर फैली अव्यवस्था और उपभोक्ताओं की परेशानी प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि व्यवस्था में सुधार किया जाए और सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस उपलब्ध कराई जाए।











