ड्रोन व एआई निगरानी से पकड़ा गया मामला, भागने की कोशिश नाकाम, खनन पट्टा निरस्तीकरण की भी कार्रवाई शुरू
जालौन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के सख्त निर्देशन में प्रतिबंधित मशीनों से खनन करने के प्रयास के खिलाफ जिला टास्क फोर्स समिति द्वारा एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की गई। तहसील कालपी क्षेत्र के खंड संख्या 01, 02 एवं 04 (केहटा, हमीरपुर मार्ग) में प्रतिबंधित मशीनों से खनन करने का प्रयास करते हुए 03 लिप्टर मशीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। जैसे ही कंट्रोल रूम से ड्रोन एवं एआई कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्राप्त हुई, जिलाधिकारी ने तत्काल जिला टास्क फोर्स टीम को सक्रिय कर मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित कराई। कार्रवाई के दौरान लिप्टर मशीनों को हमीरपुर की ओर भागाने का प्रयास किया गया, लेकिन टीम की सतर्कता से सभी मशीनों को मौके पर ही पकड़कर जब्त कर लिया गया।
इस प्रकरण में खंड संचालक 01 सहित खंड संचालक 02 एवं 04 के विरुद्ध जिलाधिकारी के निर्देश पर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है।साथ ही दोषियों पर कुल 15 लाख रुपये का अर्थदंड भी अधिरोपित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, संबंधित खंड संचालकों को खनन पट्टा निरस्तीकरण का नोटिस भी जारी किया गया है, जिससे स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नियमों के उल्लंघन पर आर्थिक दंड के साथ-साथ पट्टा निरस्तीकरण जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिबंधित मशीनों के माध्यम से खनन का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ड्रोन, एआई कैमरा एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से निरंतर निगरानी की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह कार्रवाई प्रशासन की सतर्कता, तकनीकी दक्षता एवं सख्त प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो खनन नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु निरंतर जारी रहेगी।






