जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना गजनेर पुलिस एवं स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की घटना का सफल खुलासा कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
घटना दिनांक 26 अप्रैल 2026 की है, जब वादी राजबल्लभ परिहार अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रायपुर-गजनेर रोड पर तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर धारदार हथियार से हमला किया और करीब 20 हजार रुपये व अन्य सामान लूट लिया। इस संबंध में थाना गजनेर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान कर सरवन खेड़ा-गंगरौली मार्ग पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीनों अभियुक्तों—राजरोशन, आकाश कोरी और कुलदीप कोरी—को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लूट की रकम में से ₹11,400, वादी का मोबाइल फोन, कार्ड होल्डर, घटना में प्रयुक्त काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे एवं चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि कुलदीप कोरी ने मुखबिरी कर घटना की सूचना अपने साथियों को दी थी, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में एक अन्य वांछित अभियुक्त श्याम कोरी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
घटना के सफल अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को ₹10,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।











