अब घर बैठे जनगणना स्व-गणना पोर्टल से जुड़ेगा हर परिवार

अपर जिलाधिकारी ने दी जानकारी—आसान प्रक्रिया से खुद दर्ज करें अपना डेटा

जालोन  अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार ने जनगणना की आगामी प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि अब आमजन के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा शुरू की जा रही है, जिससे नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिकों को सबसे पहले निर्धारित पोर्टल पर जाकर लॉगिन करना होगा, जिसके बाद परिवार के मुखिया के नाम, मोबाइल नंबर आदि के माध्यम से पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद भाषा चयन, ओटीपी सत्यापन और स्थान की पहचान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उन्होंने कहा कि चयनित भाषा एवं दर्ज की गई मूल जानकारी बाद में परिवर्तित नहीं की जा सकेगी, इसलिए सावधानीपूर्वक विवरण भरना आवश्यक है। उन्होंने आगे बताया कि पोर्टल पर उपलब्ध मैप के माध्यम से अपने निवास स्थान को चिन्हित कर सटीक लोकेशन दर्ज करनी होगी। इसके उपरांत प्रश्नावली को पूर्ण कर डेटा का पूर्वावलोकन (Preview) किया जाएगा, जिससे किसी भी त्रुटि को अंतिम सबमिशन से पहले सुधारा जा सके। अंतिम सबमिशन के बाद एक यूनिक SE ID जनरेट होगी, जो आगे की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण होगी। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जब जनगणना कर्मी (Enumerator) क्षेत्र में सत्यापन के लिए आएंगे, तो नागरिकों को अपनी SE ID साझा करनी होगी, जिससे डेटा का मिलान कर सत्यापन किया जा सके। उन्होंने बताया कि यदि रिकॉर्ड मेल खाता है तो प्रक्रिया तुरंत पूर्ण हो जाएगी, अन्यथा आवश्यकतानुसार पुनः डेटा संकलन किया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्व-गणना की इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें, जिससे जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाया जा सके। यह पहल न केवल समय की बचत करेगी बल्कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता भी बढ़ाएगी।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें