मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत आज जनपद कानपुर देहात में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें हेल्पलाइन नंबर 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके।
इसके अतिरिक्त, यूपीकॉफ (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए गए। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के तहत पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के बारे में भी जागरूक किया गया।
कानपुर देहात पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस ने सभी महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में वे बिना संकोच नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, जिससे एक सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।











