कानपुर देहात | थाना समाधान दिवस के अवसर पर कोतवाली अकबरपुर में जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने आमजन की शिकायतें सुनकर उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, अतिक्रमण, आपसी मारपीट, पारिवारिक विवाद, मार्ग अवरोध तथा पट्टा/खसरा-खतौनी से जुड़े विभिन्न प्रकरण सामने आए। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को मौके पर जांच कर समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि एवं सीमांकन संबंधी मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि विवादों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक समाधान मिले।
पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने, क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का विधिसम्मत निस्तारण करते हुए दोनों पक्षों को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
थाना समाधान दिवस में राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











