कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट लिखित परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने अकबरपुर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की गई।
अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों व ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकल-विहीन और समयबद्ध तरीके से कराई जाए। अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार रखने और किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र के बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था हर हाल में बनी रहनी चाहिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।











