कालपी (जालौन) बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने गंभीर रुख अपनाया है। मंगलवार को तहसील अध्यक्ष की अगुवाई में किसान नेताओं ने एसडीएम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की।
बताया गया कि पिछले एक पखवाड़े से मौसम का मिजाज लगातार खराब बना हुआ है। रुक-रुक कर हो रही बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसान चिंतित और परेशान हैं। उन्हें अपने भविष्य को लेकर भी चिंता सता रही है।
मंगलवार को भाकियू के तहसील अध्यक्ष अजय सिंह उर्फ राजू मलथुआ के नेतृत्व में किसान नेता एसडीएम मनोज कुमार सिंह से मिले। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि लगातार हो रही बारिश से फसलों को व्यापक क्षति हुई है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। उन्होंने मांग की कि शासन स्तर से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराई जाए और फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाए।
किसान नेता अजयपाल सिंह ने कहा कि इससे पहले खरीफ की फसल के समय कोटा बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण आई बाढ़ से भी किसानों को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन उस समय भी उन्हें कोई सहायता नहीं मिली।
इस दौरान महेश यादव, लमसर जगराम कुशवाहा, बालेन्दु सिंह, शिव सिंह (महेवा), अनुराग पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में किसान नेता मौजूद रहे।
वहीं एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने किसान नेताओं को आश्वासन दिया कि दैवीय आपदा से हुई क्षति को लेकर शासन गंभीर है और जल्द ही प्रभावित किसानों के लिए राहत पैकेज घोषित किया जा सकता है।












