कालपी (जालौन) महेवा ब्लॉक क्षेत्र के मौजा पिपरौंधा में मंगलवार को हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। चिंगारी गिरने से गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई, जिससे चार किसानों की लगभग 40 बीघा खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से अचानक चिंगारी निकलकर नीचे खड़ी गेहूं की फसल पर गिर गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। खेतों से धुआं और लपटें उठती देख आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया।
किसान लालू सिंह ने बताया कि धुआं उठता देख उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग और प्रशासन को सूचना दी। सूचना के बाद ग्रामीण खुद ही आग बुझाने में जुट गए और आग को फैलने से रोकने के लिए ट्रैक्टर से खेतों की जुताई शुरू कर दी। हालांकि जब तक अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचती, तब तक आग तेज सिंह, गजेंद्र सिंह, पिंटू सिंह और लालू सिंह के खेतों में फैल चुकी थी।
कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग और ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब 40 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जल चुकी थी।
उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राजस्व निरीक्षक और क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित किसानों को जल्द ही नियमानुसार उचित राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
गर्मी की शुरुआत के साथ क्षेत्र में आग की घटनाएं बढ़ने लगी हैं, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। प्रशासन ने किसानों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है ।












