ओलावृष्टि के बाद प्रशासन मैदान में, सीडीओ के नेतृत्व में फसल क्षति का जमीनी सर्वे तेज

 

माधौगढ़ क्षेत्र के गांवों में पहुंची टीम, हर प्रभावित किसान को दिलाई जाएगी राहत

जालौन में अचानक बदले मौसम के चलते हुई बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के आकलन के लिए प्रशासन ने तेजी से जमीनी स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है और प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी के साथ डीसी मनरेगा एवं संबंधित अधिकारियों की टीम ने माधौगढ़ तहसील के मिझोना, कुदारी, गोहन सहित विभिन्न गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर फसल क्षति का जायजा लिया। खेतों में पहुंचकर अधिकारियों ने किसानों से संवाद किया और वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तेज आंधी और ओलावृष्टि के कारण गेहूं एवं अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रभावित किसान की फसल क्षति का पारदर्शी एवं सटीक सर्वे सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन स्तर से राहत दिलाने की कार्यवाही में कोई विलंब न हो।मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।जिला प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सर्वे रिपोर्ट शीघ्र शासन को प्रेषित कर राहत वितरण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए, जिससे प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक संबल मिल सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें