डीजल-पेट्रोल की निर्बाध उपलब्धता को लेकर डीएम-एसपी ने सभी पेट्रोल पंपों पर पारदर्शी वितरण के दिए निर्देश

 

अफवाहों पर रोक, प्रत्येक 8 घंटे पर निरीक्षण के निर्देश जालौन में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध

जालौन में डीजल एवं पेट्रोल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में इंडियन ऑयल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, एस्सार तथा जीओबीपी कंपनियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में ईंधन आपूर्ति, वितरण व्यवस्था, पारदर्शिता तथा जनसामान्य को सुगमता से उपलब्धता कराने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाई जाए, जिसमें स्पष्ट रूप से अंकित रहे कि पेट्रोल एवं डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा उपभोक्ता आवश्यकता के अनुरूप ही डीजल व पेट्रोल खरीदें। उन्होंने कहा कि किसी भी पेट्रोल पंप पर डीजल या पेट्रोल की अनावश्यक कमी नहीं होने दी जाएगी। यदि किसी स्थान पर स्टॉक कम होता है तो संबंधित कंपनी एवं पंप संचालक तत्काल अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करें, जिससे जनपदवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के समस्त पेट्रोल पंपों पर सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाए। ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में प्रत्येक 8 घंटे के अंतराल पर अनिवार्य रूप से निरीक्षण करेंगे और डीजल स्टॉक, रिजर्व स्थिति, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को डीजल व पेट्रोल उपलब्धता की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि डीजल वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से वितरण में बाधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि कालाबाजारी, कृत्रिम संकट उत्पन्न करने, अनियमित वितरण अथवा उपभोक्ताओं को भ्रमित करने जैसी शिकायतें मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि अफवाहों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए और जनसामान्य तक यह संदेश पहुंचाया जाए कि  डीजल एवं पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। इसलिए किसी भी प्रकार की घबराहट या पैनिक की आवश्यकता नहीं है।जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संबंधित कंपनियों के पदाधिकारियों से कहा कि वे आपूर्ति श्रृंखला को सक्रिय एवं सुचारु बनाए रखें, ताकि किसी भी परिस्थिति में  डीजल व पेट्रोल की उपलब्धता प्रभावित न होने पाए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर समस्त उपजिलाधिकारी, सीओ, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें