उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन के संबंध में हुई बैठक, तैयारियों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश

 

कानपुर देहात,  जनवरी  को आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस के भव्य एवं सफल आयोजन के संबंध में विकास भवन स्थित सभागार कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा की गई। बैठक में जनपद के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई, अवगत कराया गया कि दिनांक 24 जनवरी 2026 को ईको पार्क माती में  जनप्रतिनिधिगणों के उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। सभी विभागीय अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप समस्त तैयारियां समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न होकर प्रदेश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत एवं विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है, अतः इसे पूरी गरिमा, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए। बैठक में अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभागीय स्टाल/प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी। स्टालों में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, कृषि, समाज कल्याण, कौशल विकास सहित अन्य विभागों की योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक एवं अन्य लाभों का वितरण किया जाए, जिससे योजनाओं का वास्तविक लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे और जनमानस में शासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो। उन्होंने यह भी कहा कि लाभार्थी वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित होनी चाहिए, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप “विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत” की थीम पर समस्त कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। कार्यक्रमों में प्रदेश की प्रगति, औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे, सामाजिक उत्थान तथा सांस्कृतिक पहचान को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया जाए। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कला एवं स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन जनपद में एक यादगार, प्रेरणादायक एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण कार्यक्रम के रूप में सम्पन्न कराया जाए, जिससे प्रदेश की सकारात्मक छवि को और अधिक मजबूती मिले। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एके सिंह, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव, उपायुक्त एनआरएलएम गंगाराम वर्मा, उपायुक्त उद्योग मो0 सउद, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें