कानपुर देहात में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का मुख्य विकास अधिकारी ने किया शुभारंभ, दवा सेवन एवं जनजागरूकता पर दिया जोर

 

कानपुर देहात के 07 ब्लॉकों में 15.37 लाख आबादी को आच्छादित करने का लक्ष्य

कानपुर देहात। फाइलेरिया मुक्त बनाने तथा इस गंभीर बीमारी के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी/ प्रभारी जिलाधिकारी विधान जायसवाल तथा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंकित शुक्ला द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा जनसामान्य को फाइलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शुभारंभ के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया (हाथीपांव) एक गंभीर बीमारी है, जो संक्रमित मच्छरों के माध्यम से फैलती है। इस बीमारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही फाइलेरिया रोधी दवाओं का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सेवन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभियान के दौरान पात्र लाभार्थियों तक दवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने, घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने तथा दवा सेवन के प्रति भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य कर्मी, आशा एवं अन्य संबंधित कार्मिक जनसामान्य को फाइलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी दें तथा दवा वितरण एवं सेवन की प्रक्रिया का प्रभावी पर्यवेक्षण करें। अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिकाधिक पात्र लोगों को कार्यक्रम से आच्छादित किया जाए। जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान 07 विकासखंडों अकबरपुर, अमरौधा, मलासा, डेरापुर, राजपुर, रसूलाबाद एवं झींझक में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत कुल 15,37,858 आबादी को आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनपद में दवा वितरण, स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण, टीमों के गठन, क्षेत्रवार निगरानी एवं नियमित समीक्षा के माध्यम से अभियान को सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें, पात्र होने पर फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन करें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद में फाइलेरिया संक्रमण की रोकथाम, बीमारी से होने वाली दिव्यांगता को कम करना तथा सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।
जनहित में अपील: फाइलेरिया से बचाव संभव है। स्वास्थ्य विभाग की सलाह का पालन करें, अभियान में सहयोग करें और फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें