भोगनीपुर। समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव महिला सभा सीता यादव, राष्ट्रीय सचिव महिला सभा पूजा सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला सभा प्रज्ञा द्विवेदी एवं युवजन सभा के पूर्व जिला प्रवक्ता सैय्यद अबू अजहरी ने भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक बूथों पर पहुंचकर जनसंवाद किया।
इस दौरान सपा नेताओं ने बूथ लेवल एजेंट (BLA) एवं बूथ अध्यक्षों से मुलाकात कर संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जनसंवाद के दौरान नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विजन तथा समाजवादी सरकार के कार्यकाल में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। इनमें महिलाओं को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राओं को लैपटॉप, केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा, मुफ्त सिंचाई, लोहिया आवास योजना, जनेश्वर मिश्र समग्र ग्राम विकास योजना, लोहिया ग्राम विकास योजना और कामधेनु योजना सहित अन्य योजनाओं का उल्लेख किया गया।
सपा नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। प्रत्येक BLA और बूथ अध्यक्ष अपने-अपने बूथ पर सक्रिय रहकर आमजन से संवाद करें और पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
इस दौरान बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, जनसमस्याओं को समझने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर भी चर्चा की गई।











