कानपुर देहात। बाल दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी के निर्देश एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में विकासखंड संदलपुर के रामकुमार इंटर कॉलेज और नेशनल पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग के जेंडर स्पेशलिस्ट घनश्याम ने छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति एवं बाल शोषण जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों को बताया गया कि बाल विवाह का विरोध करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। बाल श्रम बच्चों के बचपन, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करता है। इसलिए सभी को बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।
इस दौरान सुपरवाइजर दीपक ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित महिला एवं बाल कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 के बारे में बताया गया। जागरूकता के लिए पंपलेट और पोस्टर भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग से जेंडर स्पेशलिस्ट घनश्याम, सुपरवाइजर दीपक, विद्यालयों के प्रधानाचार्य जगत पाल सिंह, मोहम्मद फरमान, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।











