राज्य अध्यापक पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार हेतु ऑनलाइन आवेदन की तिथि निर्धारित, 30 नवंबर तक करें आवेदन

कानपुर देहात। राज्य अध्यापक पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार वर्ष 2026-27 के चयन हेतु शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक, कानपुर देहात द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) एवं शिक्षा सामान्य-2 अनुभाग के निर्देशों के अनुपालन में पात्र शिक्षकों को निर्धारित वेबसाइट https://upmsp.edu.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र के साथ शिक्षकों को अपने उत्कृष्ट कार्यों एवं उपलब्धियों से संबंधित विवरण और अभिलेख ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। आवेदन के साथ संबंधित शिक्षकों द्वारा अपने उत्कृष्ट कार्यों के समर्थन में अधिकतम पांच मिनट का वीडियो भी अपलोड किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया शासनादेश के प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार 10 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे। इसके बाद 01 दिसंबर से 15 दिसंबर 2026 तक जनपदीय समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं स्थलीय सत्यापन कर पात्र शिक्षकों का चयन करते हुए मंडलीय समिति को ऑनलाइन प्रस्ताव भेजा जाएगा। मंडलीय समिति द्वारा 16 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक पात्र शिक्षकों के चयन के उपरांत प्रस्ताव निदेशालय स्तरीय चयन समिति को भेजा जाएगा। निदेशालय स्तरीय समिति द्वारा 31 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक चयन प्रक्रिया संपन्न कर प्रस्ताव राज्य चयन समिति को भेजा जाएगा। राज्य स्तरीय समिति द्वारा 15 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक चयन की कार्यवाही की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से अपील की है कि वे निर्धारित वेबसाइट पर अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करें। आवेदन की हार्डकॉपी तीन प्रतियों में तैयार कर दिनांक 01 दिसंबर 2026 को अपराह्न 04:00 बजे तक अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं, जिससे चयन प्रक्रिया समयबद्ध एवं सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें