कानपुर देहात।निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत विशेष अभियान के अंतर्गत मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष कैंपों का जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह ने निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर के बूथ संख्या 123, 124, 125 एवं 126 तथा संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 117, 118, 119 एवं 120 का निरीक्षण कर हेल्प डेस्क सहित उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्वाचन संबंधी कार्य पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपादित करने तथा मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर में छात्र-छात्राओं से संवाद कर पठन-पाठन एवं विद्यालय की अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों के साथ कैरम बोर्ड खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, तहसीलदार अकबरपुर पवन, सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलओ आदि उपस्थित रहे













