सेवा संकल्प अभियान के समापन पर ईको पार्क माती में आयोजित हुआ जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं रबी गोष्ठी-2026

 

किसानों को प्राकृतिक खेती, श्री अन्न की उपयोगिता एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति किया गया जागरूकय विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी हुए सम्मानित

कानपुर देहात।शासन के निर्देशों के क्रम में संचालित सेवा संकल्प अभियान के समापन अवसर पर शनिवार को सामुदायिक भवन, ईको पार्क माती में सेवा, सुशासन एवं संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत मिलेट्स महोत्सव एवं रबी गोष्ठी-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का गायन किया तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में  कैबिनेट मंत्री राकेश सचान  तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में  मंत्री  प्रतिभा शुक्ला  उपस्थित रहीं।  जिला पंचायत अध्यक्ष (प्रशासक) नीरज रानी, विधान परिषद सदस्य  अविनाश सिंह चैहान,  भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य तथा उप निदेशक कृषि हरिशंकर भार्गव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि  कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कृषि विकास, प्राकृतिक खेती, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री  प्रतिभा शुक्ला ने रबी फसलों की बुवाई के लिए उन्नत बीजों एवं उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया तथा अन्य  जनप्रतिनिधियों ने भी किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण एवं ग्रामीण विकास से संबंधित विचार व्यक्त किए।
जिलाधिकारी ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने, रासायनिक खादों एवं कीटनाशकों के अनावश्यक प्रयोग से बचने तथा शासन की कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कृषक संवाद सत्र में प्रगतिशील किसान फूल सिंह ने मोटे अनाज के पोषण संबंधी लाभों एवं वैज्ञानिक खेती के अनुभव साझा किए। महाराष्ट्र से आए भारतीय सेना के पूर्व सूबेदार हरिशंकर ने जीवामृत, घनजीवामृत एवं बीजामृत के माध्यम से प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी तथा कम लागत में गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के उपाय बताए।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों व जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र एवं किट वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड तथा पांच टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान की गईं। कृषि विभाग द्वारा 20 प्रगतिशील किसानों को चना, राई एवं मसूर के प्रमाणित बीज मिनी किट सहित कृषि योजनाओं से संबंधित लाभ दिए गए। इसके अतिरिक्त पशुपालन, समाज कल्याण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, बेसिक शिक्षा, जिला उद्योग केंद्र एवं पंचायती राज विभाग के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार, जिला उद्योग केंद्र तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी एवं मिलेट्स स्टॉल लगाए गए।  अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर मोटे अनाज से तैयार उत्पादों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम अन्तर्गत अवगत कराया गया कि दिनांक 17 अक्टूबर (आज) एवं 24 अक्टूबर 2026 को जनपद के मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। अपील की गयी, कि जिन युवाओं की आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है अथवा किसी कारणवश जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है, वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर प्रातः 10ः00 बजे से सायं 4ः00 बजे के मध्य पहुंचकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु आवेदन अवश्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक कृषि ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कृषि विशेषज्ञों एवं उपस्थित किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रकार सेवा संकल्प अभियान का समापन किसान कल्याण, प्राकृतिक खेती, पोषण जागरूकता एवं ग्रामीण विकास के संदेश के साथ हुआ।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें