कानपुर देहात। दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के प्रावधानों के अनुरूप दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों एवं शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को विकास भवन सभागार, माती, कानपुर देहात में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम ने बताया कि राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित इस मोबाइल कोर्ट में प्रातः 10:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक दिव्यांगजनों की समस्याएं सुनी जाएंगी तथा उनका नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा।
मोबाइल कोर्ट के माध्यम से दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाने, शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश, रोजगार एवं नौकरी में आरक्षण, गरीबी उन्मूलन एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा अन्य संबंधित समस्याओं के समाधान की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, दिव्यांगजनों के प्रति समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
उन्होंने जनपद के समस्त दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर विकास भवन सभागार, माती में उपस्थित होकर राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन के समक्ष अपनी समस्याएं प्रस्तुत करें, जिससे उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कराया जा सके।











