कानपुर देहात। रूरा थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन सोलर पैनल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, रूरा निवासी गौरव शेखर तिवारी ने 15 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 अक्टूबर की रात उनकी दुकान की तीसरी मंजिल पर लगे चार सोलर पैनलों में से तीन चोरी कर लिए गए, जबकि एक पैनल को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
15 और 16 अक्टूबर की रात पुलिस चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर शिवली रोड क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज कुमार उर्फ चाटी निवासी घनश्यामपुर, कौशल किशोर निवासी गुटैया और अमृत सिंह उर्फ छोटू निवासी गुटैया के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन सोलर पैनल बरामद किए। बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।













