सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अकबरपुर और रसूलाबाद में रोजगार मेलों का आयोजन
10वीं पास से स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक एवं एमबीए योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए रोजगार का अवसर
अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर मेले में करें प्रतिभाग
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रतिभाग कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से अकबरपुर महाविद्यालय, माती रोड, अकबरपुर, कानपुर देहात में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 16 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से झाउलाल गजोधर प्रसाद पीजी महाविद्यालय, रसूलाबाद, कानपुर देहात में वृहद रोजगार मेला आयोजित होगा।
रोजगार मेले में कक्षा 10वीं एवं उससे अधिक शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के साथ-साथ आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक एवं एमबीए योग्यताधारी युवक-युवतियां प्रतिभाग कर सकेंगे। मेले में हेल्पर, आईटीआई के विभिन्न ट्रेड, शटर ऑपरेटर, वेल्डर, सुपरवाइजर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध होंगे। इसमें 18 से 48 वर्ष तक की आयु के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता, पद एवं संबंधित कंपनी के मानकों के अनुसार 15,000 रुपये से 35,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्राप्त करने का अवसर मिल सकता है। इन रोजगार मेलों के माध्यम से निजी क्षेत्र की कंपनियों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक बेरोजगार अभ्यर्थियों को जिला सेवायोजन कार्यालय की वेबसाइट (https://rojgaarsangam.up.gov.in अथवा https://www.ncs.gov.in पर पंजीकरण कर रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की सलाह दी गई है।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है। प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा तथा रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए कोई मार्ग व्यय भी देय नहीं होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की है कि वे अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग करें।













