कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 380 वाहन चालकों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट न पहनने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की।
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।












