कानपुर देहात। राजपुर में एसबीआई बैंक के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल की डिग्गी से एक लाख रुपये से भरा बैग चोरी करने के मामले में राजपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 26,400 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ इटावा, कन्नौज, जालौन और कानपुर देहात में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, कमलपुर गांव निवासी कोमल सिंह ने 8 अक्टूबर को राजपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि 7 अक्टूबर को एसबीआई बैंक राजपुर के बाहर खड़ी उनकी टीवीएस मोटरसाइकिल की डिग्गी से अज्ञात व्यक्ति एक लाख रुपये चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के गहेसर गांव निवासी सुरेश का नाम सामने आया।
राजपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अनंवा से जालौन जाने वाली सड़क से आरोपी सुरेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के 26,400 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी बढ़ा दी है।
पूछताछ में साथी के साथ चोरी करने की बात बताई
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी दीपू कटियार के साथ बैंकों के आसपास रेकी करने की बात बताई। आरोपी के मुताबिक, दोनों बैंक से अधिक रुपये निकालने वाले लोगों पर नजर रखते थे और मौका मिलने पर उनके वाहन से नकदी चोरी कर लेते थे।
आरोपी ने बताया कि 7 अक्टूबर को राजपुर एसबीआई के पास मोटरसाइकिल की डिग्गी से रुपयों से भरा बैग चोरी किया था। बैग में मिले एक लाख रुपये दोनों ने आपस में बांट लिए थे। उसके हिस्से में 50 हजार रुपये आए थे, जिनमें से कुछ रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए। पुलिस मामले में दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कई आपराधिक मामलों का जिक्र
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भरथना, जालौन, भोगनीपुर, मंगलपुर और अन्य थानों में चोरी, लूट, गिरोहबंद अधिनियम तथा शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न मामलों का आपराधिक इतिहास दर्ज है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।












