कानपुर देहात। गजनेर थाना पुलिस ने अवैध असलहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 315 बोर के देशी तमंचे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान आदर्श शर्मा (28) पुत्र दिनेश शर्मा निवासी बड़ा गांव, थाना शिवली, कानपुर देहात के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को पीआरवी नंबर 8943 से मिली सूचना के बाद अवैध तमंचा बरामद होने के संबंध में गजनेर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 243/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बैग की तलाशी में मिला तमंचा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने रिलायंस डिपो में पहले दिन काम पर ज्वाइन किया था। गार्ड रूम में सुरक्षा गार्ड उसके बैग की तलाशी ले रहे थे, तभी बैग से 315 बोर का देशी तमंचा मिला। पुलिस के मुताबिक, तमंचे के संबंध में पूछे जाने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही असलहा रखने का लाइसेंस दिखा पाया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर बरामद किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












