कानपुर देहात। मंगलपुर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलरामपुर गांव निवासी रामशंकर (32) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को जिष्टामऊ गांव निवासी अभिषेक ने मंगलपुर थाने में तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने साथी को लेने बलरामपुर गांव जा रहा था। गांव के बाहर पहुंचने पर कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिससे उसकी बाईं जांघ में गोली लग गई और उसकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इस मामले में पुलिस ने रामशंकर समेत छह नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच के दौरान मंगलपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चिरखिरी गांव से आगे क्षेत्र में रामशंकर को गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा-कारतूस बरामद, मुकदमे में बढ़ीं धाराएं
पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक, रामशंकर के खिलाफ मंगलपुर थाने में वर्ष 2020, 2024, 2025 और 2026 के विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी और अन्य आरोपों से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।












