प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

 

15 मंडलों की टीमों ने लिया प्रतियोगिता में भाग

पहले मुकाबले में प्रयागराज तथा दूसरे मैच में मेरठ की टीम रही विजयी

कानपुर देहात। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार कानपुर देहात के स्पोर्ट्स स्टेडियम में दिनांक 08 अक्टूबर से 11 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ गुरुवार को अपराह्न 2:30 बजे द जैन वर्ल्ड स्कूल, कानपुर देहात में सम्पन्न हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी एवं विशिष्ट अतिथि द जैन वर्ल्ड स्कूल के चेयरमैन कपिल अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के महत्व पर प्रकाश डाला।
क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 15 मंडलों की बालिका बास्केटबॉल टीमों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा राज्य स्तर पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन करना है।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन खेले गए मुकाबलों में पहला मैच प्रयागराज एवं मिर्जापुर के मध्य खेला गया, जिसमें प्रयागराज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिर्जापुर को 31 अंकों के अंतर से पराजित किया। वहीं दूसरे मुकाबले में मेरठ एवं अलीगढ़ की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें मेरठ की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 25 अंकों के अंतर से विजय प्राप्त की।
उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल संघ के वाइस प्रेसिडेंट  वीरेन्द्र विक्रम सिंह, अनूप सचान, आसिम खान, द जैन वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या सहित अनेक खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक की भूमिका में स्वाती, उमेश, आदित्य, दिव्य, तामिम सहित अन्य अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त जिला खेल कार्यालय के समस्त स्टाफ, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
क्रीड़ाधिकारी  नीलम सिद्दीकी ने बताया कि प्रतियोगिता आगामी 11 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें प्रदेश की विभिन्न मंडलीय टीमों के मध्य रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने  प्रतियोगिता का अवलोकन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें