श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर में लगभग 500 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण।

 

कानपुर देहात। उ०प्र० शासन के आदेश एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत कानपुर देहात में संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु वृहद स्तर पर “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन  मेसर्स कानपुर प्लास्टिक लिमिटेड, रायपुर, कानपुर देहात में किया गया। कार्यक्रम में  राकेश सचान , कैबिनेट मंत्री, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, उत्तर प्रदेश शासन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सहायक श्रमायुक्त, कानपुर देहात राम आशीष द्वारा मुख्य अतिथि का बुके भेंट कर स्वागत किया गया। प्रतिष्ठान के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुनील मेहता एवं यूनिट हेड अखिलेश गर्ग द्वारा मुख्य अतिथि को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हितार्थ श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए श्रमिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत उन्होंने श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का फीता काटकर शुभारम्भ किया।
आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लगभग 500 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी, कानपुर देहात द्वारा गठित चिकित्सकीय दलों ने श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित कीं तथा स्वास्थ्य के संबंध में आवश्यक सुझाव एवं परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान सहायक श्रमायुक्त, कानपुर देहात  राम आशीष द्वारा श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के हितार्थ संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा पात्र श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने एवं उनका लाभ दिलाने के संबंध में जागरूक किया गया।
माननीय मुख्य अतिथि द्वारा प्रतिष्ठान के कुशल एवं निष्ठावान कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्रमिकों ने स्वास्थ्य शिविर एवं सम्मान कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनूप सचान द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुरेश सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, राजेश श्रीवास्तव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी,  सुनील कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी,  ऐश्वर्य त्रिपाठी एवं भूपेन्द्र नाथ, पी०सी०सी० कानपुर देहात सहित प्रतिष्ठान प्रबंधन की ओर से सुनील मेहता,  अखिलेश गर्ग, संदीप यादव आदि उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सहायक श्रमायुक्त, कानपुर देहात राम आशीष द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित समस्त गणमान्य व्यक्तियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिष्ठान प्रबंधन को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें