रैपालपुर में युवती हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर देहात। थाना शिवली क्षेत्र के ग्राम रैपालपुर के पास मिले अज्ञात युवती के शव की शिनाख्त के बाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, बजाज सीटी 100 मोटरसाइकिल और मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है।
5 अक्टूबर को ग्राम रैपालपुर में रेलवे क्रॉसिंग के पास रास्ते के किनारे करीब 20 से 22 वर्ष की युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। 6 अक्टूबर को परिजनों ने शव की पहचान रूबल देवी पुत्री स्वर्गीय अनिल कुमार, निवासी मंगलीपुर, थाना सचेंडी, कानपुर नगर के रूप में की।
7 अक्टूबर को मृतका के दादा गंगा प्रसाद की तहरीर पर थाना शिवली में दो आरोपियों के खिलाफ पीछा करने, परेशान करने, जबरन ले जाने, दुष्कर्म और हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पवन तनय आश्रम रंजीतपुर गेट के पास से शिवम उर्फ बड़े पुत्र सतेन्द्र कमल निवासी मंगलीपुर, थाना सचेंडी, कानपुर नगर और अमन पुत्र स्वर्गीय रामचन्द्र गौतम निवासी विसायकपुर, थाना रनिया, कानपुर देहात को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया गया। घटना में प्रयुक्त बजाज सीटी 100 मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवम के खिलाफ वर्ष 2021 में थाना सचेंडी में मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें