कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में रविवार को जिले के सभी सर्किल स्तर पर परिवार जागृति विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की संवेदनशीलता के साथ काउंसलिंग कर आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया गया।
अकबरपुर, रसूलाबाद, डेरापुर, भोगनीपुर और सिकंदरा सर्किल में आयोजित केंद्रों पर प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और पुलिस अधिकारियों ने परिवारों की समस्याएं सुनीं। अकबरपुर में 4, भोगनीपुर में 1 और डेरापुर में 2 परिवारों समेत कुल 7 परिवारों में आपसी सहमति से समझौता कराया गया।
समझौते के बाद इन परिवारों को पुनः एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया गया। वहीं, शेष मामलों में प्रभावी काउंसलिंग करते हुए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई। पुलिस विभाग द्वारा परिवार जागृति केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का मानवीय और संवेदनशील तरीके से समाधान कर परिवारों में संवाद, विश्वास और सामाजिक समरसता मजबूत करने का प्रयास जारी है।













